अब पंजाब में शिक्षा व सेहत सहूलियतों की असली तसवीर सामने आएगी। नेशनल सैंपल सर्वे ऑफिस दो जनवरी से तीस जून तक इस संबंध में सर्वे कराएगा।
इसके लिए तीन दिवसीय ट्रेनिंग वीरवार को फेज 11 स्थित होटल क्राउन वेस्ट में शुरू हुई। जिसका उद्घाटन एनएसएसओ के डिप्टी डायरेक्टर जनरल व रीजल हेड इंदरजीत सिंह ने किया।
इंदरजीत सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि एनएसएसओ राज्यों के सहयोग से भारत सरकार के लिए आंकड़े इकट्ठे करने का काम करता है।
इसने केंद्र सरकार के लिए एक मजबूत सामाजिक व आर्थिक आंकड़ा बेस तैयार किया है। जो समय-समय पर योजनाएं व नीतियां बनाने के काम आता है।
एनएसएसओ द्वारा दो जनवरी से तीस जून तक शिक्षा व सेहत पर विशेष सर्वे किया जाएगा, ताकि इन क्षेत्रों के लिए भरोसेमंद आंकड़े उपलब्ध हो सकें।
सर्वे के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की बचाव दर का अध्ययन किया जाएगा।
वहीं, शिक्षा के सर्वे में इस क्षेत्र में 5-29 साल के लोगों की शैक्षणिक व तकनीक योग्यता व उस पर व्यक्तिगत खर्च का सर्वे किया जाएगा। साथ ही 14 साल से ऊपर के लोगों में कंप्यूटर शिक्षा के बारे में भी जानकारी हासिल की जाएगी।
ट्रेनिंग के दौरान उन्होंने डेलिगेट्स को पिछले साठ सालों की उपलब्धियां बताईं और लगन से आंकड़े इकट्ठे करने को कहा।
उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे सर्वे के दौरान सही जानकारी दें। पंजाब के आर्थिक सलाहकार एमएल शर्मा ने कहा कि सेहत व शिक्षा पर आधारित सर्वे अहम कार्य है। इसे पूरी ईमानदारी से किया जाए।