केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री मनीष तिवारी वीरवार को अचानक सेक्टर-17 स्थित रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) कार्यालय पहुंचे।
तिवारी का ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) एक्सपायर हो गया था और इसे रिन्यू कराने के लिए आरएलए कार्यालय में फोटो होनी जरूरी थी।
ऐसे में तिवारी को फोटो खिंचाने के लिए आरएलए कार्यालय खुद आना पड़ा। तिवारी लगभग दस मिनट तक कार्यालय में रुके और फोटो खिंचाने के बाद चले गए।
तिवारी का डीएल पांच साल के लिए रिन्यू किया गया है। नया लाइसेंस बनवाने या लाइसेंस को रिन्यू कराने के लिए फोटो खिंचाने के लिए आरएलए कार्यालय आना अनिवार्य है।
डीएल को रिन्यू कराने संबंधी फाइल तिवारी ने लगभग दस दिन पहले जमा की थी। पिछले सप्ताह तिवारी ने आरएलए कार्यालय आने को कहा था। जिस दिन तिवारी ने आरएलए कार्यालय आना था, उस दिन वह किसी वजह से नहीं आ सके और वीरवार को अचानक बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंच गए।
तिवारी को अचानक आरएलए कार्यालय में देखकर कतारों में खड़े लोग भी हैरान हो गए। फोटो खिंचाने के लगभग पांच मिनट के बाद उन्हें डीएल का स्मार्ट कार्ड दे दिया गया।
तिवारी का चंडीगढ़ के सेक्टर-19 में घर है जहां उनकी मां और नगर निगम की मनोनीत पार्षद डॉ. अमृत कौर तिवारी रहती हैं।