मनीमाजरा। शिरोमणि अकाली दल चंडीगढ़ के प्रधान पद पर चौथी बार नियुक्त होने पर सुरजीत सिंह राजा का मनीमाजरा के वाल्मीकि मोहल्ला में भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। समारोह में वाल्मीकि समाज, अनुसूचित जाति वर्ग और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान वाल्मीकि मोहल्ला के निवासियों और शीतला माता मंदिर की नई कमेटी ने सुरजीत सिंह राजा को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि राजा को यह सम्मान उनकी जनसेवा के प्रति समर्पण और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की कार्यशैली के लिए दिया गया है। समारोह में शीतला माता मंदिर कमेटी, वाल्मीकि कल्याण कमेटी के प्रधान अश्विनी कुमार, प्रबंधक रोहित गोल्डी और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। इस मौके पर ऑल मनीमाजरा वेल्फेयर एसोसिएशन के प्रधान एसएस. परवाना विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा कमेटी सदस्य अश्वनी पूना, दीपक कुमार गोल्डी, रोहित, नेहाल, बबला सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सम्मान से अभिभूत सुरजीत सिंह राजा ने कहा कि वह लोगों के प्यार और विश्वास के ऋणी हैं और हर सुख-दुख में जनता के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का भी आभार जताया, जिन्होंने उन्हें चौथी बार जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने राजा को फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।