बरगाड़ी बेअदबी मामले की जांच कर रही पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने गुरुवार को स्थानीय अदालत में डेरा सच्चा सौदा की नेशनल कमेटी के तीन सदस्यों के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल किया। इन तीनों आरोपियों को एसआईटी ने पहले ही बरगाड़ी बेअदबी मामले से जुड़े तीन केसों में मुख्य साजिशकर्ताओं के रूप में नामजद कर चुकी है और इनकी अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। अदालत ने तीनों को भगोड़ा घोषित किया। यह आरोप पत्र हर्ष धूरी, प्रदीप कलेर और संदीप बरेटा के खिलाफ दाखिल की गई।
जानकारी के अनुसार बरगाड़ी बेअदबी मामले से जुड़ी तीनों घटनाओं में पंजाब पुलिस की एसआईटी राम रहीम समेत अन्य डेरा अनुयायियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और इन दिनों अदालत में सुनवाई भी चल रही है। मगर सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी डेरा अनुयायियों की याचिका पर तीनों केसों को फरीदकोट की अदालत से चंडीगढ़ स्थानांतरित कर दिया गया लेकिन मामले की चंडीगढ़ में सुनवाई से पहले गुरुवार को एसआईटी ने इन घटनाओं के मुख्य साजिशकर्ता डेरा सच्चा सौदा की नेशनल कमेटी के तीनों सदस्यों के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल कर दिया।
एसआईटी की चार्जशीट में दावा किया गया है कि बरगाड़ी बेअदबी की घटनाओं की साजिश इन तीनों ने महिंदरपाल बिट्टू के साथ मिलकर रची थी। एसआईटी के अनुसार बेअदबी की घटना से पहले डेरा सिरसा के पदाधिकारियों ने पंथक नेता बलजीत सिंह दादूवाल की हत्या करने की भी साजिश रची थी लेकिन उसमें वह सफल नहीं हो सके थे। इसके बाद उन्होंने इस घिनौनी हरकत को अंजाम देने की योजना बनाई।
एक जून 2015 को गांव बुर्ज जवाहर सिंह वाला के गुरुद्वारा साहिब से पावन स्वरूप चोरी की घटना में डेरा सच्चा सौदा के सात अनुयायियों को एसआईटी ने गिरफ्तार किया था और बाद में बेअदबी की साजिश के आरोप में गुरमीत राम रहीम व हर्ष धुरी, प्रदीप कलेर व संदीप बरेटा को भी नामजद किया गया था।