मनीमाजरा। क्षेत्र में दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। ताजा मामला गोविंदपुरा मोरी गेट के पास स्थित गुरु डेयरी का है जहां देर रात चोरों ने देसी घी, मक्खन, क्रीम और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। डेयरी मालिक जितेंद्र सिंह के अनुसार रात करीब 1:45 बजे ऑटो रिक्शा में चार लोग दुकान के बाहर पहुंचे। इनमें से दो आरोपी ऑटो में ही बैठे रहे, जबकि दो ने शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया। चोर करीब 25 किलो देसी घी, 15 किलो मक्खन, 15 किलो क्रीम और 9500 रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पर घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जितेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले सप्ताह भी इसी तरह गोविंदपुरा बाजार में करियाना और मेडिकल स्टोर को निशाना बनाया गया था। उनका कहना है कि ऑटो में आने वाले ये चोर अब तक पांच वारदातें कर चुके हैं। सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। वहीं, बाजार के प्रधान प्रदीप बागरा समेत व्यापारियों ने घटना पर रोष जताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।