सभी पार्टियों में चल रहे इस्तीफों के दौर के बीच कांग्रेस विधायक दल के नेता सुनील जाखड़ ने भी पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि पार्टी हाईकमान ने उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें अपना काम जारी रखने को कहा है।
जाखड़ ने की इस्तीफे की पुष्टि
जाखड़ ने रविवार को इस्तीफे की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि वह 20 मई को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिले थे। लोकसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने सीएलपी नेता पद से अपना इस्तीफा दे दिया था पर पार्टी प्रधान ने उन्हें काम जारी रखने को कहा है।
गौरतलब है कि कांग्रेस प्रदेश प्रधान प्रताप सिंह बाजवा के इस्तीफे को लेकर भी पिछले दिनों काफी विवाद रहा। पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह गुट ने उन पर इस्तीफे को लेकर काफी दबाव बनाया था। जिसके बाद बाजवा ने कहा था कि वह हाईकमान को इस्तीफेकी पेशकश कर चुके हैं, पर उसे स्वीकार नहीं किया गया।
ढींढसा के इस्तीफे का खंडन
रविवार को दिनभर वित्तमंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा के इस्तीफे की भी चर्चा चली। उनके पिता और अकाली सांसद सुखदेव ढींढसा ने इसका खंडन किया।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव का नतीजा आने केबाद परमिंदर ने इस्तीफा देने की पेशकश की थी लेकिन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने इसे नकार दिया।