मौसम के साथ फैशन में भी बदलाव नजर आने लगा है। सेक्टर-35 के किसान भवन में लगी प्रदर्शनी सिल्क एंड वूल एक्सपो में समर के नए कलेक्शन उतारे गए हैं, जिसे युवा काफी पसंद कर रहे हैं। 14 प्रदेश के कारीगरों ने अपने स्टॉल पर इस समर कलेक्शन में ऑर्गेनिक कॉटन, प्लांट बेस्ड डाई और 3डी प्रिंटिंग वाले परिधान को काफी तवज्जो दी है। वहीं, 70, 80 के दशक वाले फैशन वाले बोल्ड पैटर्न, चटक रंग, क्रॉप टॉप, बैगी जींस और चमकीले रंगों वाले ड्रेस के स्टॉल पर ज्यादा भीड़ नजर आ रही है।
प्रदर्शनी में कॉटन के नए कलेक्शन के साथ सिल्क की ढेरों वैरायटी उतारी गई हैं। इसमें दक्षिण भारत की सिल्क साड़ियों के साथ ही भागलपुरी सिल्क व जयपुरी कॉटन के सूट और ड्रेस मैटीरियल भी शामिल किए हैं। कॉटन के परिधानों में इस बार एनिमल प्रिंट और प्राकृतिक दृश्य को प्रमुखता से शामिल किया है। खरीदारी के लिए आई युवतियों का कहना है कि गर्मी के दिनों में कूल कॉटन के साथ ही प्राकृतिक और जीवंत दृश्य से भी मन को शांति और शीतलता मिलती है। यह प्रदर्शनी 18 फरवरी तक सुबह 11:00 से रात 8:00 बजे तक है।