चंडीगढ़। सुखना के लगातार बढ़ रहे जलस्तर को लेकर इंजीनियरिंग विभाग अलर्ट मोड पर है। झील के जलस्तर पर नजर रखने के लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। एक शिफ्ट में आठ से 10 कर्मचारियों को रखा गया है। हालांकि रात में खतरे को देखते हुए 12 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। यह कर्मचारी झील के बढ़ते जलस्तर पर पल-पल नजर रख रहे हैं ताकि जलस्तर के खतरे के निशान पर पहुंचने के बाद डैम के गेट खोले जा सकें। बता दें कि सुखना खतरे के निशान से महज 1.30 फुट दूर रह गई है। शनिवार को झील का जल स्तर 1161.70 फिट रिकार्ड किया गया। यदि रात में भी बारिश होती है तो डैम के गेट खोलने की नौबत आ सकती है।
शुक्रवार को हुई 30 एमएम बारिश का पानी अभी भी कैचमेंट एरिया से सुखना झील में आ रहा है। सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि झील का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंचता है तो तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी जाएगी और गेट खोलने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।