केंद्र की मोदी सरकार ने सिखों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। सिख श्रद्धालुओं के लिए करतारपुर कॉरिडोर को खोला जाएगा। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कैबिनेट ने ऐतिहासिक फैसले लेते हुए करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण और विकास की मंजूरी दे दी है। यह कॉरिडोर गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक से अंतरराष्ट्रीय सीमा तक बनाई जाएगी। करतारपुर परियोजना आधुनिक सुविधाओं और केंद्र सरकार की फंडिंग के साथ लागू की जाएगी।
कैबिनेट की बैठक के बाद हुई प्रेस कॉन्फेंस में राजनाथ सिंह ने कहा कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अनुरोध है कि श्री गुरू नानक देव जी की 550वीं जयंती को उचित तरीके से मनाएं। यूनेस्को से अनुरोध किया जाएगा कि विश्व भाषाओं में श्री गुरु नानक देवजी के लेखन को प्रकाशित करें।गृह मंत्री ने आगे कहा कि ऐतिहासिक शहर सुल्तानपुर लोढ़ा को हेरिटेज टाउन के रूप में विकसित किया जाएगा।
सिंह ने कहा,"भारत सरकार की ओर से स्मारक सिक्के और डाक टिकट भी जारी किए जाएंगे। गुरु नानक देव जी की 550वीं जयंती के दिन होने वाली गतिविधियों के कार्यान्वयन की मेरी अध्यक्षता वाली एक उच्चस्तरीय समिति नियमित रूप से समीक्षा और देखरेख करेगी।"