शनिवार को मालेरकोटला पहुंचे उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल आम आदमी पार्टी के नेताओं पर जमकर बोले। उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि ‘आप’ को कट्टरपंथियों का समर्थन प्राप्त है और यह पंजाब के हित में नहीं है। वह शनिवार को मालेरकोटला रायकोट रेलवे फ्लाईओवर का उद्घाटन करने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि कट्टरपंथियों के समर्थन से काम करने वाले आप नेता पवित्र कुरान और गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी जैसी असहनीय घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसलिए पंजाबियों को इनसे गुरेज करना चाहिए। डिप्टी सीएम ने कहा कि कश्मीर में हुर्रियत नेताओं की ओर से वहां के सिखों को देश विरोधी आंदोलन में शामिल होने के लिए मजबूर करने की सूचनाएं बेहद अफसोस जनक हैं। इसका विरोध पंजाब सरकार जेएंडके की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से भेंट करके करेगी।
32 करोड़ से तैयार इस ओवर ब्रिज के उद्घाटन समारोह के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि मालेरकोटला के सर्वपक्षीय विकास के लिए सितंबर में संगत दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने पंजाब सरकार की ओर से प्रदान की जा रही योजनाओं को भी गिनवाया। साथ ही मालेरकोटला की विधायक फरजाना आलम की खुलकर तारीफ की। इस दौरान राज्यसभा सांसद सुखदेव सिंह ढींढसा, मोहम्मद इजहार आलम, गोबिंद सिंह कांझला आदि ने भी संबोधित किया।
अमलोह के हलका इंचार्ज को हटाने की मांग
डिप्टी सीएम को अमलोह विस क्षेत्र के अकाली नेताओं ने शिकायत की कि अमलोह में नए लगाए हलका इंचार्ज राजू खन्ना को हटाया जाए। इलाके के लोग उन्हें पसंद नहीं करते, इस पर सुखबीर ने फिर से विचार करने की बात कही।