कैप्टन अमरिंदर सिंह की पाकिस्तानी महिला मित्र को लेकर दिग्गज नेता जगमीत बराड़ ने विवादित बयान दिया है। पंजाब-लोक हित अभियान के कनवीनर जगमीत बराड़ ने शनिवार को जालंधर में कैप्टन अमरिंदर सिंह पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि कैप्टन के पास विदेशों में काफी जायदाद है। उन्होंने अपनी पाकिस्तानी मित्र अरुसा को बाकायदा दुबई में एक पैंट हाउस गिफ्ट कर रखा है। पूर्व सांसद जगमीत सिंह बराड़ ने अपने साथी गौतमबीर सिंह के साथ जालंधर में पत्रकारवार्ता के दौरान कहा कि कांग्रेस और शिअद दलितों को भी इस्तेमाल कर फेंक रही है। पंजाब की जनसंख्या का करीब 34 प्रतिशत होने के बावजूद दलितों को कभी भी पंजाब की सियासत में महत्व नहीं दिया गया।
बराड़ ने दलितों को नजरअंदाज किए जाने के लिए सामंतवाद पर आरोप लगाते हुए कहा कि अकाली दल का कभी भी दलित प्रधान या वरिष्ठ नेता नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि कैप्टन व उनकी टीम ने योजना के तहत दूलो, केपी, चरणजीत चन्नी, संतोष चौधरी जैसे लोगों को दबाने का काम किया। बराड़ ने कहा कि कैप्टन की गैर कानूनी जायदाद दुबई, लंदन और पाकिस्तान में है। बराड़ ने आरोप लगाया कि स्विस और दुबई बैंक के खातों के लिए पता नया मोती बाग पैलेस, पटियाला है। बराड़ ने कहा कि कैप्टन ने सेंट्रल लंदन (ट्रेवर सेंट, नाइटब्रिज, लंदन एसडब्ल्यू 7 1डीयू), निकट बरमिंघम पैलेस में एक घर भी खरीदा था। कैप्टन के पास स्कॉटलैंड में एक निजी इस्टेट भी है, जहां वह मछली पालन व शिकार के लिए जाते हैं।