चंडीगढ़। बहलाना गांव से लापता महिला का शव शनिवार को सुखना लेक में उतराया मिला। लोगों की सूचना पर तत्काल पुलिस ने पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। सेक्टर 16 स्थित जीएमएसएच में पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव परिजनों को सौंप दिया गया। महिला की पहचान 42 वर्षीय कुसुम शर्मा के रूप में हुई। हालांकि, महिला के पति ने दो दिन पूर्व सेक्टर 31 पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। साथ ही बताया था कि किसी बात को लेकर उनकी अनबन हो गई थी।
पुलिस के अनुसार हिमाचल के सोलन जिले के नोहरा खंडोल गांव निवासी नंदलाल शर्मा अपनी पत्नी कुसुम शर्मा के साथ बहलाना गांव में रह रहा था। दोनों की दो बेटियां और एक बेटा है। नंदलाल चंडीगढ़ में रहकर नौकरी करता है। दो दिन पूर्व नंदलाल और कुसुम में किसी बात को लेकर अनबन हो गई। इसके बाद कुसुम घर से बाहर निकल गई। पहले तो नंदलाल को लगा कि कुसुम वापस आ जाएगी, लेकिन काफी देर तक वापस न लौटने पर नंदलाल ने सेक्टर 31 थाने जाकर पूरी बात पुलिस को बताई और पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार को दोपहर अचानक लोगों को सुखना लेक पर एक शव उतराया हुआ दिखा। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर सेक्टर 16 स्थित हॉस्पिटल पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे कार्रवाई की जा सकेगी। फिलहाल, अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है।
चार बहनों में सबसे छोटी थी कुसुम
कुसुम का मायका सोलन जिले के कसौली में है। कुसुम चार बहनों में सबसे छोटी थी। कुसुम का पति नंदलाल अपने माता-पिता का इकलौता लड़का है। क्षेत्रीय लोगों की मानें तो दोनों के बीच किसी प्रकार का कोई झगड़ा नहीं था। अचानक दो दिन पूर्व क्या हुआ कि बात इतनी बढ़ गई।