टिकट के लिए महिलाओं के शोषण पर बोले सुच्चा सिंह छोटेपुर
- फोटो : फाइल फोटो
आम आदमी पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। विधायक देवेंद्र सहरावत के आरोपों को सुच्चा सिंह छोटेपुर ने सही ठहराया है। सहरावत ने बीते दिन पंजाब और दिल्ली में आप के सीनियर नेताओं पर टिकट के बदले महिलाओं के शोषण के गंभीर आरोप लगाए थे।
एक न्यूज चैनल से बातचीत में सुच्चा सिंह बोले कि देवेंद्र सहरावत आर्मी में रहे हैं और काफी पढ़े लिखे व्यक्ति हैं। वैसे भी कोई विधायक खुद अपनी पार्टी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश क्यों करेगा? उसके पास कोई सबूत होंगे तो ही बोला है। इंक्वायरी होनी चाहिए। वे खुद भी धीरे-धीरे मामले का खुलासा करेंगे।
गौरतलब है कि सहरावत ने केजरीवाल को पत्र लिखकर बड़े नेताओं पर पंजाब में टिकट के बदले महिलाओं का शोषण किए जाने की बात कही थी। सेहरावत सेक्स सीडी कांड में मंत्री पद से बर्खास्त किए गए संदीप कुमार का समर्थन करने वाले आप नेता आशुतोष पर भी निशाना साधा था।
देवेंद्र सेहरावत ने ये लगाए थे आरोप
आप विधायक देवेंद्र सहरावत
- फोटो : फाइल फोटो
देवेंद्र सेहरावत ने आरोप लगाया है कि पंजाब में टिकट दिलाने के नाम पर महिलाओं के साथ गलत हरकतों की उन्हें शिकायतें मिली। इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ में कुछ लोगों के साथ बैठक की। उनकी छानबीन में शिकायतें सही मिलीं।
सेहरावत का आरोप है कि पंजाब में दिल्ली से भेजे गए दो बड़े नेता क्या कर रहे हैं, यह दिल्ली के विधायकों को पता नहीं चल रहा। इसकी पड़ताल होनी चाहिए। सेहरावत यहीं नहीं रुके, उन्होंने लिखा कि दिल्ली इकाई के एक वरिष्ठ पदाधिकारी की तमाम लड़कियों के साथ आए दिन तस्वीरें आती रहीं हैं। यह पार्टी के लिए किसी भी दिन मुसीबत खड़ी कर सकता है। नेताओं का इस तरह का कृत्य पार्टी के लिए शोभा नहीं देता।
सेहरावत ने मांग की है कि पार्टी हित में ऐसे लोगों को बाहर करने की जरूरत है। वहीं, सेहरावत ने कहा है कि सेक्स कांड पर आशुतोष का स्पष्टीकरण किसी भी स्तर से स्वीकार करने लायक नहीं है। साथ ही केजरीवाल से मांग की है कि फिलहाल वह जनता को भरोसा दिलाएं कि पार्टी अभी राजनीति बदलने के इरादे पर दृढ़ है।