टिकट के लिए महिलाओं के शोषण पर बोले सुच्चा सिंह छोटेपुर
- फोटो : फाइल फोटो
आम आदमी पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। विधायक देवेंद्र सहरावत के आरोपों को सुच्चा सिंह छोटेपुर ने सही ठहराया है। सहरावत ने बीते दिन पंजाब और दिल्ली में आप के सीनियर नेताओं पर टिकट के बदले महिलाओं के शोषण के गंभीर आरोप लगाए थे।
एक न्यूज चैनल से बातचीत में सुच्चा सिंह बोले कि देवेंद्र सहरावत आर्मी में रहे हैं और काफी पढ़े लिखे व्यक्ति हैं। वैसे भी कोई विधायक खुद अपनी पार्टी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश क्यों करेगा? उसके पास कोई सबूत होंगे तो ही बोला है। इंक्वायरी होनी चाहिए। वे खुद भी धीरे-धीरे मामले का खुलासा करेंगे।
गौरतलब है कि सहरावत ने केजरीवाल को पत्र लिखकर बड़े नेताओं पर पंजाब में टिकट के बदले महिलाओं का शोषण किए जाने की बात कही थी। सेहरावत सेक्स सीडी कांड में मंत्री पद से बर्खास्त किए गए संदीप कुमार का समर्थन करने वाले आप नेता आशुतोष पर भी निशाना साधा था।