हरियाणा सरकार ने की घोषणा, अगले सात दिन में सब्सिडी योजना की सूची में शामिल होंगी दोनों मशीनें
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को विशेष चर्चा कार्यक्रम के दौरान किसानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब रोटावेटर और आलू बिजाई की मशीन पर भी सरकार सब्सिडी देगी। सात दिनों के भीतर दोनों मशीनें सब्सिडी योजना की सूची में शामिल कर दी जाएंगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछली सरकार में प्राकृतिक आपदा से खराब हुई फसलों के लिए दी जाने वाली मुआवजा राशि 10 हजार रुपये प्रति एकड़ से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ कर दी है। सरकार ने बाढ़ से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया है। साथ ही ऐसे क्षेत्रों में दोबारा से फसलों की बिजाई करने वाले किसानों को प्रति एकड़ सात हजार रुपये का मुआवजा दिया है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने किसानों को 11 हजार करोड़ रुपये की मुआवजा राशि दी है, जिसमें पिछली सरकार की बकाया 269 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि भी शामिल है।
अफ्रीकी देशों में खेती करेंगे राज्य के किसान
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में खेती की जमीन कम हो रही है। सरकार की अफ्रीकी देशों से बात हुई है। हमारे किसान वहां जाकर खेती कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसानों को मशीनों की खरीद के लिए अब तक 685 करोड़ रुपये सब्सिडी के रूप में प्रदान किए जा चुके हैं। चालू वित्त वर्ष में अब तक 6,130 मशीनें किसानों द्वारा अनुदान पर खरीदी गई हैं। इन मशीनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए इन-सीटू एवं एक्स सीटू प्रबंधन करने पर 1,000 प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया गया है।