फेज-6 स्थित ट्रक यूनियन में वीरवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जिला स्तरीय प्रोग्राम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला योजना कमेटी की चेयरपर्सन अमनजोत कौर रामूवालिया मुख्य मेहमान थी। जबकि, प्रशासन, पुलिस व सेहत विभाग के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस दौरान एक मेडिकल कैंप लगाया गया। इसमें ट्रक ड्राइवरों की आंखों की जांच की गई। साथ ही वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए। इस मौके अमनजोत ने कहा कि यदि वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन किया जाए। तो सड़क हादसों को रोका जा सकता है। ट्रैफिक नियमों को जिंदगी का एक हिस्सा बना लेना चाहिए। उन्होंने ड्राइवरों को अपना मेडिकल चेकअप व आखों की जांच समय से करवाने की नसीहत भी दी। एडीसी पुनीत गोयल ने कहा कि सड़क हादसों का कारण ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक न होना है। उन्होंने नसीहत दी कि हमें सड़क पर चलते हुए अपने बचाव के साथ अन्यों की तरफ भी ध्यान रखना चाहिए। एससी सिटी-1 स्वर्णदीप ने कहा कि नशा करके हमें तेज गाड़ी नहीं चलानी चाहिए। ट्रैफिक पुलिस द्वारा लोगों की सुविधा के लिए जागरूकता कैंप लगाए जाते हैं। उनका पूरा लाभ उठाना चाहिए। एसडीएम लखमीर सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाने के पीछे का उद्देश्य लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना है। ताकि, सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके व आर्थिक नुकसान को रोका जा सकें। सिविल सर्जन डॉ. राजीव भल्ला ने कहा लाइसेंस बनाते सयम हमें अपना ब्लड ग्रुप लाइसेंस के ऊपर लिखना चाहिए। साथ ही वाहन चलाते समय नशों का प्रयोग नहीं करना चाहिए।
गाड़ियों में स्पीड गवर्नर लगाना जरूरी
जिला ट्रांसपोर्ट अफसर करन सिंह ने बताया कि वाहन चालकों को अपने लाइसेंस लोकल अथॉरिटी से ही बनाने चाहिए। जिस पर असल पता लिखना चाहिए। उन्होंने वाहन चालकों को अपनी गाड़ियों पर स्पीड गवर्नर लगाने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सामान ले जाने में प्रयोग होने वाली गाड़ियों में सवारियां न बैठाई जाएं। कार्यक्रम एडीटीओ प्रेम सिंह सैनी, यूनियन के प्रधान दिदार सिंह, सचिव रविंदर सिंह, सीनियर अकाली नेता अरविंदर सिंह भुल्लर समेत कई लोग हाजिर थे।