Teachers' Day 2020: हरियाणा में पांच सितंबर को शिक्षक दिवस इस बार अलग तरह से मनाया जाएगा। विद्यार्थी सेल्फी के साथ शिक्षकों को शुभकामना संदेश भेजेंगे। शिक्षक दिवस को वर्चुअल तरीके से ही मनाया जाएगा। 5 से 25 सितंबर तक शिक्षक पर्व भी ऑनलाइन संपन्न होगा। सेकेंडरी शिक्षा निदेशक ने इस संबंध में सभी सभी जिला शिक्षा, मौलिक शिक्षा अधिकारियों व एससीईआरटी गुरुग्राम के निदेशक को निर्देश जारी कर दिए हैं।
विद्यार्थियों को सेल्फी के साथ कागज पर शुभकामनाएं लिखकर शिक्षकों को ऑनलाइन पोस्ट करनी होंगी। इसके लिए शिक्षा निदेशालय ने दो हैश टैग हमारे शिक्षक, हमारे हीरोज व भारत के शिक्षक भी जारी किए हैं। शुभकामना संदेश के साथ इन दोनों का इस्तेमाल करना होगा। समाज निर्माण में शिक्षकों के योगदान को पूरा मान-सम्मान देने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इसके जरिए विद्यार्थियों के मन में यह भाव भी जगाना है कि शिक्षक उनके भविष्य निर्माता हैं।
शिक्षक पर्व के दौरान विभिन्न विषयों पर वेबिनार, चर्चा व प्रस्तुतिकरण होंगे। इनमें नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा। 10-11 सितंबर को नई शिक्षा नीति पर संगोष्ठी होगी, जिससे सभी शिक्षकों को ऑनलाइन जुड़ना होगा। साथ ही वेबिनार, चर्चा भी लाइव देखनी होंगी। इसके लिए शिक्षा निदेशालय की तरफ से शुक्रवार को लिंक जारी किया जाएगा।
शिक्षक पर्व (Teachers' Day) के दौरान ये रहेंगे मुख्य वक्ता
- सतिंदर कुमार, प्राचार्य, फरीदाबाद
- सर्वेष्ट कुमार, प्राचार्य बस्ती, उत्तर प्रदेश
- हन्नाह योंजन, प्राचार्य, सिक्किम, अवार्ड विजेता
- संध्या प्रधान, मुख्य शिक्षिका, झारखंड, अवार्ड विजेता
- मनु गुलाटी, शिक्षिका, दिल्ली, अवार्ड विजेता
- निशा शर्मा, शिक्षिका, कोटखाई शिमला, अवार्ड विजेता
- कल्पना चौधरी, प्राचार्य, रायपुर, अवार्ड विजेता
- हर्षद पी शाह, वीसी, चिल्ड्रन यूनिवर्सिटी गांधीनगर
- सुनीति सनवाल, एनसीईआरटी
- डीपी सिंह, चेयरमैन, यूजीसी
- संजय शामराव धोरते, केंद्रीय राज्य शिक्षा मंत्री
- रमेश पोखरियाल, निशंक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री
- प्रो. हृषिकेश सेनापती, निदेशक एनसीईआरटी