चंडीगढ़। शहर के 40 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कक्षा 12वीं की केमिस्ट्री की परीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान परीक्षा देकर आए विद्यार्थियों ने बताया कि पेपर आसान था, लेकिन आर्गेनिक केमिस्ट्री के साथ समीकरणों के प्रश्नों को हल करने में थोड़ी दिक्कतें हुईं। पुराने प्रश्नपत्रों पर आधारित कई प्रश्न पूछे गए।
सभी परीक्षा केंद्रों पर जांच पड़ताल के बाद विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया। पेपर में केलकुलेटर प्रतिबंध रहा। सुबह 10 बजे तक विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा साढ़े 10 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक चली। पेपर 70 अंकों का था। परीक्षा में कुल 35 प्रश्न थे, जिन्हें 5 खंडों में विभाजित किया गया था। खंड ए में 18 बहुविकल्पीय प्रश्न एक अंक के थे। खंड बी में एक लाइन के उत्तर वाले 7 प्रश्न थे। सेक्शन सी में 5 छोटे प्रश्न प्रत्येक तीन अकों के थे। सेक्शन डी में दो केस-आधारित प्रश्न थे, जिनमें से प्रत्येक के चार अंक और सेक्शन ई में तीन लंबे उत्तर वाले प्रश्न थे, जिनमें प्रत्येक पांच अंक का था।