जींद में नया बस स्टैंड जींद शहर से बाहर स्थानांतरित होने के बाद कई मार्गों पर चलने वाली बसें शहर के अंदर से नहीं आ रहीं। जिससे विद्यार्थियों को परेशानी हो रही थी। इससे नाराजस्कूल व कॉलेजों के विद्यार्थियों ने गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे बस स्टैंड के गेट पर ताला लगा दिया। बस स्टैंड पर ताला लगाने की सूचना मिलने के बाद रोडवेज महाप्रबंधक अशोक कौशिक, डीएसपी रोहताश ढुल पुलिस बल के साथ पहुंचे और विद्यार्थियों की मांगें पूरी करने का आश्वासन देकर दस बजे ताला खुलवाया। वहीं शहर में ऑटो रिक्शा चालक शहर के अंदर से बसों के आने का विरोध कर चुके हैं।
एक सप्ताह से हांसी, हिसार और बरवाला मार्ग को छोड़कर असंध, नरवाना, उचाना, कैथल रूट की बसें शहर की बजाए अड्डे से बाईपास होते हुए जा रही थी। इससे शहर के अंदर स्कूलों में पढ़ने स्कूल, कालेजो के छात्रों को परेशानी हो रही थी। उन्हें अन्य साधनों से स्कूल जाने में 40 रुपये किराया देना पड़ रहा था।
अप्रैल महीने में भी छात्रों ने किया था प्रदर्शन
मार्च महीने की शुरूआत में नए बस स्टैंड से बसों का संचालन शुरू किया गया था। शहर में जाने वाले यात्रियों के लिए सिटी बस सेवा शुरू की गई थी। सिटी बस में विद्यार्थियों के बस पास मान्य नहीं थे। सिटी बस सेवा में बस पास मान्य करवाने के लिए भी विद्यार्थियों ने मार्च महीने में प्रदर्शन किया था।
शहर से गुजरेंगी लोकल रूटों की बसें
विद्यार्थियों और यात्रियों के हित को ध्यान में रखते हुए असंध, उचाना, नरवाना, हांसी, बरवाला, हिसार और कैथल रूट पर चलने वाली बसों को शहर के अंदर से चलाने का निर्णय लिया है। वहीं चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला जैसे लंबे रूट पर चलने वाली बसें फ्लाईओवर से होते हुए जाएंगी।
-अशोक कौशिक, जीएम जींद डिपो।