चंडीगढ़। सेक्टर- 26 मंडी के द्वार पर बेशक प्रवेश निषेध का बोर्ड लगा हो, लेकिन अंदर के हालात पहले जैसे ही हैं। प्रशासन के निर्देश के बावजूद मंडी में फुटकर बिक्री चालू है। वहीं, मंडी के द्वार पर कुछ पुलिसकर्मी दिख भी जाते हैं, लेकिन अंदर न पुलिस थी और न निगम की अतिक्रमण हटाने वाली टीम। लोग भी आराम से फल व सब्जी खरीद रहे थे।
प्रशासन की सख्ती के असर मंडी में नहीं दिख रहा है। लोगों में कोरोना महामारी को लेकर डर भी नहीं दिखता। चालान कटने के बाद वेंडर वहीं बैठे दिखते हैं। आढ़तियों से लिखित में लेने के बावजूद मंडी कमेटी अवैध रूप से बैठे वेंडरों को नहीं उठा पा रही है। टीन शेड में धड़ल्ले से कोरोना मानकों की धज्जियां उड़ते दिख रही हैं। हालांकि आढ़तियों का कहना है कि फुटकर बिक्री पर रोक के कारण उनकी सब्जी खराब हो जा रही है। प्रतिदिन सब्जी फेंकनी पड़ती है।
जमींदारों के प्लेटफार्म पर आढ़तियों का कब्जा
मंडी में जमींदारों के लिए बनाए गए प्लेटफार्म पर मंडी के आढ़तियों ने अपनी क्रेट रखकर कब्जा किया हुआ है। इस कारण मंडी में सामान लाने वाले जमींदारों को जमीन पर रखकर सामान बेचना पड़ता है। इस संबंध में कुछ जमींदारों ने मंडी कमेटी के महासचिव जरनैल सिंह से शिकायत की तो वह भी मामले को टाल कर चले गए। सड़कों पर सामान लगने से मंडी में आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।