पंचकूला में डेरा प्रमुख राम रहीम पर आने वाले फैसले को लेकर प्रशासन ने एहतियातन कई कदम उठाए हैं। अगले 72 घंटे तक मोबाइल इंटरनेट व सभी तरह की डोंगल सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। साथ ही वीरवार को अंबाला, चंडीगढ़ व पंजाब के सभी क्षेत्रों में 120 बस सेवाओं को बंद रखा गया।
जिलाधीश प्रभजोत सिंह और पुलिस अधीक्षक अश्विन शैणवी ने कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए सिरसा शहर और नजदीकी गांव बाजेकां, शाहपुर बेगु तथा नेजियाखेड़ा में कर्फ्यू लगाने के आदेश दिए हैं। इन आदेशों में जिलाधीश ने कहा है कि 24 अगस्त को रात्रि के 10 बजे के बाद उपरोक्त गांवों और सिरसा शहर में कोई भी व्यक्ति घर से बाहर न निकले। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था की स्थिति को मद्देनजर रखते हुए सेना को बुला लिया गया है। इन आदेशों की कड़ाई से पालना की जाए। कर्फ्यू आगामी आदेशों तक जारी रहेगा।
डेरा प्रेमियों की सिरसा में बढ़ती भीड़ और उनके तेवर को लेकर पहले से कयास लगाए जा रहे थे कि सिरसा कर्फ्यू के हवाले हो सकता है और देर शाम को स्थिति को भांपते हुए जिलाधीश ने आदेश लागू कर दिए है। उधर, कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सिरसा में सेना को बुला लिया गया है।
पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी कह दिया है कि जहां भी कर्फ्यू लगाने की जरूरत होगी पंजाब सरकार वो करेगी। हरियाणा में बस स्टैंड पर सुरक्षा को भी कड़ा कर दिया गया है। इसके साथ ही रात को गांवों में जाने वाली बसों के 22 रूटों को भी बंद कर दिया गया है।
Ram Rahim Rape case verdict
वर्ष 2007 में पंजाब के सलावतपुरा में आयोजित सत्संग में डेरा प्रमुख द्वारा पहनी गई वेषभूषा को लेकर बवाल हुआ था और सिरसा शहर में दो दिन के लिए कर्फ्यू लागू किया गया था। वर्ष 2008 में डबवाली में डेरा प्रेमियों और सिखों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें एक सिख की हत्या गई थी बाद में डबवाली में एक विशेष लोगों की 69 दुकानें आग के हवाले कर दी गई थी।
इसके बाद सिरसा में डेरा और सिखों के बीच 2012 में विवाद हुआ था जिसके चलते सिरसा में सात दिन तक कर्फ्यू लगा था। अब सिरसा के लोगों को तीसरी बार कर्फ्यू का दंश झेलना पड़ रहा है।
बढ़ाई स्वास्थ्य सेवाएं, अतिरिक्त 20 प्राइवेट एंबुलेंस की सुविधा
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अपनी तैयारियों में सीएमओ अशोक चौधरी के अनुसार अस्पताल के सभी स्टाफ सदस्यों की छुट्टियों को रद्द कर दिया गया है। आपातकालीन वार्ड में एक की बजाय दो डॉक्टरों को तैनात किया गया है।
इसके साथ ही यहां पर एक स्पेशल बर्न वार्ड बनाया गया है। दवाओं को विशेष व्यवस्था की गई है। विभाग की 11 के अलावा 20 अतिरिक्त एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही अन्य डॉक्टरों को आपातकालीन में 24 घंटे ड्यूटी देने के निर्देश दिए गए है।
चंडीगढ़ के सीबीआई दफ्तर की सिक्योरिटी बढ़ी
Panchkula News
पंचकूला सीबीआई कोर्ट में बाबा राम रहीम की पेशी को देखते हुए यूटी पुलिस ने चंडीगढ़ सेक्टर-30 स्थित सीबीआई दफ्तर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सीबीआई कार्यालय के आसपास नाके लगाकर आने जाने वाले सभी संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
वहीं सूत्रों के अनुसार दिल्ली से अधिकारियों का विशेष दल इस केस के लिए चंडीगढ़ पहुंच चुका है। शुक्रवार को केस का फैसला आने तक यहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। फैसले के बाद जरूरत पड़ी तो आसपास की मार्केट भी बंद कराई जा सकती है। दिनभर सीबीआई दफ्तर में यूटी प्रशासन के अधिकारियों का आना जाना लगा रहा। सुबह सबसे पहले डीएसपी ईस्ट सतीश कुमार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने वहां पहुंचे।
इसके बाद आईएएस कृर्ति गर्ग, उमाशंकर, पीसीएस राकेश कुमार पोपली, तहसीलदार अमरिंदर ने भी सीबीआई कार्यालय का दौरा किया। वहीं अधिकारियों ने सीबीआई के अधिकारियों से भी जाकर मुलाकात की और सुरक्षा के मद्देनजर कुछ हिदायतें दीं। दरअसल इस पूरे मामले की जांच सीबीआई कर रही है। इस केस से जुड़े सीबीआई अधिकारियों और गवाहों को लगातार धमकी भी दी जा रही है।