पंचकूला और मोहाली के बाद अब चंडीगढ़ में भी लावारिस कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। सेक्टर-15 की पटेल मार्केट में एक कुत्ते ने एक दर्जन से ज्यादा लोगों को काट लिया। शुक्रवार देर रात से लेकर शनिवार सुबह 12 बजे तक कुत्ते का आतंक मचा रहा। नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर मनोज खत्री का कहना है कि उनके पास कुत्ते के काटने के छह के सामने आए हैं। इनमें से तीन सेक्टर-15, दो खुडा लाहौरा और पीजीआई के हैं।
मार्केट के दुकानदारों का कहना है कि एक कुत्ते ने दर्जन भर से ज्यादा लोगों को काटा है। इनमें से छह ने सेक्टर-16 के अस्पताल में इलाज करवाया है जबकि अन्य लोगों ने प्राइवेट डॉक्टरों से इलाज करवाया है। घायल मोहम्मद इरशाद का कहना है कि वह सेक्टर-19 के अस्पताल में सिरम लगवाने के लिए गया था लेकिन डिस्पेंसरी बंद थी।
मालूम हो कि नगर निगम की दो डिस्पेंसरियां हैं, जहां पर 50 से 100 रुपये में सिरम लगती है। लेकिन शनिवार दोपहर बाद और रविवार को डिस्पेंसरियां बंद हो जाती है। भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश महाजन का कहना है कि उन्होंने इसकी जानकारी नगर निगम को दी थी। उनका कहना है कि मार्केट के आसपास काफी लावारिस कुत्ते हैं जो लोगों के पीछे भागते हैं।
पीड़ितों की जुबानी कुत्तों के आतंक की कहानी
कुत्तों ने दर्जन भर लोगों को काटा
- फोटो : अमर उजाला
घायल दुकानदार मोहम्मद इरशाद का कहना है कि वह अपनी दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान कुत्ते ने उनका पैर को काट लिया। उनका दावा है कि इस कुत्ते ने मार्केट में तीन और मुसाफिरों को काटा है। सेक्टर-15 के कोठी नंबर-2 निवासी सुखदेव का कहना है कि वह सुबह 6.30 बजे सैर करने के लिए निकले थे तो पीछे से कुत्ता आया और पैर नोच लिया। सुखदेव ने बताया कि उन्होंने प्राइवेट डॉक्टर से इंजेक्शन लगवाया है। रिक्शा चालक वरिंदर गुप्ता का कहना है कि वह बरामदे में सोया हुआ था कि कुत्ते ने पैर में काट लिया। उनके अलावा कन्हैया ठाकुर को भी पैर पर कुत्ते ने काटा है।
शाम 5 बजे के बाद नहीं चलता हेल्पलाइन नंबर
नगर निगम ने कुत्तों और अन्य समस्याओं की शिकायत करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 155304 जारी किया है। लेकिन यह नंबर शाम 5 बजे के बाद नहीं चलता है। ऐसे में शाम के बाद नगर निगम से संपर्क करने के लिए कोई नंबर जारी नहीं किया हुआ है।
गुस्साए लोगों ने कुत्तों पर किया हमला
दर्जन भर से अधिक लोगों को काटने के बाद स्थानीय लोगों ने ईंट-पत्थरों से कुत्ते पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर नगर निगम का एमओएच विंग ने कुत्ते को सेक्टर-38 के एसपीसीए के अस्पताल में इलाज के लिए रखा है।
प्राथमिक जांच से यह स्पष्ट हो रहा है कि कुत्ते को रैबिज नहीं है फिर भी निगरानी रखी जा रही है। यह कुत्ता भी सेक्टर-15 का नहीं है ऐसा लगता है कि कोई व्यक्ति बाहर से इस कुत्तें को यहां पर छोड़ गया है। उनका कहना है कि
मनोज खत्री, ज्वाइंट कमिश्नर, नगर निगम