स्ट्रॉबेरी फील्ड्स और सेंट कबीर स्कूल की टीमाें को मिली जीत
सेंट कबीर अंडर 12 क्रिकेट ट्रॉफी
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। सेंट कबीर अंडर 12 क्रिकेट ट्रॉफी के छठे दिन भी रोमांचक मैच हुए। यह मुकाबले सेक्टर 26 के सेंट कबीर स्कूल के क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे हैं। बुधवार को पहले मैच में स्ट्रॉबेरी फील्ड्स और स्मार्ट वंडर्स स्कूल, मोहाली के बीच मुकाबला हुआ। स्ट्रॉबेरी फील्ड्स ने स्मार्ट वंडर्स के खिलाफ मैच 83 रन से जीता। स्मार्ट वंडर्स ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करना चुना। स्ट्रॉबेरी फील्ड्स स्कूल ने 20 ओवर में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 165 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्मार्ट वंडर्स की पूरी टीम 14.5 ओवर में 82 रन पर ही आउट हो गई। टीम से सबसे अधिक लक्ष्य ने 23 गेंद में 28 रन बनाए। गेंदबाजी में रणवीर सिंह ने 3 ओवरों में 2 विकेट लिए, जबकि यजस और रणवीर आहूजा ने 1-1 विकेट लिया।
दिन के दूसरे मैच में सेंट कबीर स्कूल ने गुरुकुल ग्लोबल स्कूल मनीमाजरा की टीम को 128 रन से हरा दिया। पहले खेलते हुए सेंट कबीर स्कूल की टीम ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 168 रन बनाए। आर्यन धवन ने 28 गेंदों में 32 रन बनाए। गेंदबाजी में अरुणव ने 4 ओवर में 2 विकेट लिए, जबकि लक्ष्य, अभय और सूरत ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरुकुल ग्लोबल मनीमाजरा की टीम 10.5 ओवर में 40 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।