बर्ड फ्लू की दस्तक के बाद लोगों के हर सवाल का जवाब देने के लिए प्रशासन ने एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है। एनिमल हसबेंडरी ने जब से कंट्रोल रूम बनाया है, तब से हेल्पलाइन पर लोगों के अजीबो-गरीब फोन आ रहे हैं। कोई अंडे के बारे में पूछ रहा है, तो कोई चिकन खाने के बारे में। सुबह चार बजे से फोन आना शुरू हो जाते हैं।
ये क्रम देर रात तक जारी रहता है। कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर पर शुक्रवार को एक पॉश सेक्टर के निवासी ने फोन कर कहा कि सर मेरे घर में एक चिड़िया मरी हुई है। क्या करें? प्रशासन के कंट्रोल रूम से जवाब मिला कि चिड़िया को पालीथिन से ढक दें और उस पर एक ईंट रख दें। दो कर्मचारी आपके पास आ रहे हैं। उसे उठा ले जाएंगे।
थोड़ी देर बाद फिर से कंट्रोल रूम की हेल्पलाइन में फोन आया कि जल्दी आ जाइए। घर के सदस्यों में घबराहट हो रही है। कुछ देर बाद फिर से फोन आया और एक सदस्य ने कहा कि सर चिड़िया उड़ गई है। अब आने की जरूरत नहीं है।
‘पत्नी के लिए अंडे खरीदे थे, क्या करूं इनका’
हेल्पलाइन में एक व्यक्ति ने फोन कर पूछा कि उसने कल अपनी पत्नी के लिए कुछ अंडे खरीदे थे। उन अंडों का क्या किया जाए। पत्नी को खिलाऊं या फेंक दूं। एक व्यक्ति ने पूछा कि चिकन खाने में कोई दिक्कत तो नहीं होगी। किसी ने पूछा कि अंडे खाने का कोई समय भी है क्या। एक व्यक्ति ने पूछा कि मैं न तो अंडे खाता हूं और न चिकन, क्या मैं बर्ड फ्लू से सुरक्षित हूं। हेल्पलाइन पर पंजाब के कई शहरों से भी फोन आ रहे हैं।
दो दिन में 300 से ज्यादा फोन
हेल्पलाइन की कमान एनिमल हसबेंडरी के ज्वॉइंट डायरेक्टर डॉ. लवलेश कांत गुप्ता ने खुद संभाल रखी है। वे बताते हैं कि दो दिन के भीतर 300 से ज्यादा फोन अटेंड कर चुके हैं और हर फोन का जवाब दे रहे हैं। किसी को भी निराश नहीं किया है। उन्होंने बताया कि घबराने की कोई बात नहीं है। सिर्फ एक ही बतख में बर्ड फ्लू कंफर्म हुआ है।
इन नंबरों पर कर सकते हैं फोन
कोई भी बर्ड फ्लू से संबंधित जानकारी चाहता है, तो वह 0172-270092 और मोबाइल नंबर 9357526960 पर कॉल कर सकता है। प्रशासन ने इसके लिए एक कंट्रोल रूम बनाया है।
कोट
शहरवासियों को चाहिए कि वे हेल्पलाइन पर जरूरी बातें ही पूछें। बिना आधार वाली बात के लिए अधिकारी का समय बर्बाद न करें। पूरी स्थिति कंट्रोल में है। घबराने की कोई भी जरूरत नहीं है।
डॉ. लवलेश कांत गुप्ता, ज्वॉइंट डायरेक्टर, एनिमल हसबेंडरी डिपार्टमेंट