रोहतक बस छेड़छाड़ प्रकरण एक बार फिर सुर्खियों में आएगा। शहर से जुड़ा एक युवा प्रोड्यूसर मंदीप ढुल पूजा और आरती की कहानी को छोटे पर्दे पर उतारेगा। सिर्फ इन दोनों बहनों की कहानी ही नहीं, ऐसे कई अनसुलझे मुद्दों को टीवी पर लाया जाएगा।
बकौल मंदीप 'सावधान इंडिया' की तर्ज पर एक विशेष टेलीविजन सीरीज 'जिम्मेदार कौन' में ऐसी ही कहानियों और मुद्दों को पेश किया जाएगा, जिनका वर्षों बाद भी समाधान नहीं हुआ है। मई के आखिरी सप्ताह तक पहली सीरीज आने की उम्मीद है।
लेखक मंदीप ने बताया कि शुरू में 10 एपिसोड की सीरीज होगी। इसमें रोहतक की दो बहनों का रोडवेज बस प्रकरण, मजदूरों के लिए शुरू की गई योजना मनरेगा में भ्रष्टाचार, विधवा विवाह, अंतर जातीय विवाह और फ्रॉड कॉल विषय लिए गए हैं।
शूटिंग काफी हद तक पूरी हो चुकी है। एपिसोड जी पंजाबी पर दिखाए जाएंगे। डबिंग और एडिटिंगके बाद इसे छोटे पर्दे पर लाया जाएगा। गीत राजस्थान की सिंगर माही राठौर तैयार करेंगी।