जीरकपुर। बरसात से मची हाहाकार से लोग परेशान हो चुके हैं। पिछले दो दिन से हो रही बरसात ने रिकाॅर्ड तोड़ दिए। लोगों ने बताया कि पहली बार पटियाला रोड ने एक नहर का रूप धारण किया है। वहीं, सोसायटियों में भरे पानी के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। गोल्डन सेंड सोसायटी के सामने स्थित स्पेंगल कंडोज सोसायटी में पानी भरने के कारण लोगों ने प्रसाशन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने पानी घुसने से रोकने के लिए खुद के खर्चे पर मुख्य गेट पर मिट्टी डाली। वीआईपी रोड पर सावित्री एन्कलेव का दौरा करने पहुंचे हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने दौरा कर एक परिवार से मुलाकात की जिनके घर में इतना पानी घुसा हुआ था बैड तक डूब चुके थे। एक बैड पर महिला लेटी हुई थी, डिस्क की समस्या के कारण वह खड़ी भी नहीं हो सकती थी। इसके अलावा अतुल नामक एक व्यक्ति को बीमारी के कारण ऑक्सीजन की जरूरत थी जिसे चंडीगढ़ 46 मौसी के घर लेकर जाना पड़ा। यहां डाॅक्टरों के आने के लिए भी जगह नहीं है।
12 घंटे से बिजली गुल
शहर में पिछले 12 घंटों से बिजली गुल होने के कारण लोग पीने वाले पानी को भी तरस गए हैं। लाइट न होने के कारण मोटरें भी नहीं चल रही, जिस कारण सोसायटियों की टंकियां भी खाली हो चुकी हैं और लोग परेशान हो रहे हैं। हालांकि कई बार पावरकाॅम विभाग हादसों से बचने के लिए कट लगा देते हैं लेकिन वह भी लोगों के लिए परेशानी बन जाती है।
बरसात के कारण सड़कों पर वाहन कम दिखाई दिए, जाम की समस्या नहीं हुई पैदा
अक्सर बरसात के दिनों में ट्रेफिक जाम की समस्या देखने को मिलती है लेकिन पिछले दो दिन से रही भारी बरसात के कारण रविवार को लोगों ने घरों से बाहर निकलना मुनासिब नहीं समझा, जिस कारण सड़कों पर वाहनों की तादाद कम दिखाई दी और जाम भी देखने को नहीं मिला। हालांकि बरसात रुकने के बाद थोड़े बहुत वाहन सड़क पर दिखाई दिए लेकिन शहर में जाम से राहत थी।