चंडीगढ़। डड्डूमाजरा कॉलोनी में उस वक्त हंगामा शुरू हो गया, जब रंजिश के चलते दो गुटों में झगड़ा हो गया। मामला इस कदर बढ़ा कि एक गुट के 15 से 20 युवकों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इससे घर के बाहर खड़ी एक गाड़ी और एटीएम बूथ के शीशे भी टूट गए। मामले में वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई युवक पत्थरबाजी करते दिख रहे हैं। मलोया थाना पुलिस अब वीडियो के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गई है।
वारदात रविवार देर रात की है। बताया गया कि डड्डूमाजरा कॉलोनी के रहने वाले युवकों का पास के रहने वाले शख्स से रंजिश को लेकर झगड़ा हो गया था। इसके बाद करीब 15-20 युवकों ने शख्स के घर पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। बताया गया कि इस दौरान घर के बाहर खड़ी कार का शीशा और एटीएम बूथ का शीशा भी टूट गया। वीडियो में दिख रहा है कि पत्थरबाजी के दौरान गश्त कर रही पुलिस भी मौके पर पहुंचती है, लेकिन बिना कार्रवाई करे पुलिस की बाइक आगे निकल जाती है। थोड़ी देर बाद पुलिस दोबारा आती है तो युवक पुलिस का सायरन सुनकर वहां से फरार हो जाते हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वहीं, स्थानीय निवासियों का कहना है कि पत्थरबाजी कर रहे युवकों से आसपास के लोग तंग आ चुके हैं। फिलहाल मलोया थाना पुलिस वीडियो के जरिए युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है।
बता दें कि इससे पहले भी डड्डूमाजरा कॉलोनी में आए दिन झगड़े की वारदातें सामने आती रही हैं। बताया गया कि पत्थरबाजी कर रहे इनमें से आठ से दस युवकों ने हाल ही में एक युवक को लहूलुहान कर दिया था। मामले में अभी तक इन युवकों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।