चंडीगढ़। कोरोना से हालात सामान्य होते देख अब पीयू भी कैंपस खोलने की योजना बना रही है। चरणवार कैंपस खोला जाएगा। प्रथम चरण में छात्रावास संख्या एक से तीन तक खोले जाएंगे। इन छात्रावासों के लिए छात्रों से ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे, जिन छात्रों का आना जरूरी होगा, उन्हें अनुमति मिलेगी।
पीयू के छात्रावासों में अभी शोधार्थी ही हैं, बाकी छात्रों को नहीं बुलाया गया है। अब परास्नातक के उन सभी छात्रों को बुलाया जाएगा जो किसी प्रोजेक्ट से जुड़े हैं या फिर उनका प्रयोगशालाओं के बिना काम नहीं चल पा रहा है। परास्नातक के यह छात्र आने के बाद दूसरी कड़ी में अन्य छात्रावासों को खोला जाएगा। इस तरह धीरे-धीरे कैंपस खोलने की योजना बन रही है। सूत्रों का कहना है कि छात्रावासों में एक ओर जहां तैयारी चल रही हैं। वहीं दूसरी ओर शिक्षकों से भी ऑफलाइन कक्षाएं लगाने आदि के बारे में पूछा जा रहा है। कुल मिलाकर कैंपस जल्द खुल सकता है।