चंडीगढ़। चंडीगढ़ यूथ फुटबॉल लीग फॉर स्टेट चैम्पियनशिप के बॉयज अंडर-13 वर्ग में 3बीआरडी एफसी और राजेश्वर एफसी ने अपने-अपने मुकाबले एकतरफा अंदाज़ में जीतकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
सेक्टर-46 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए लीग मैच में 3बीआरडी एफसी ने आक्रामक शुरुआत करते हुए ब्लू स्टार एफसी पर लगातार दबाव बनाए रखा। जय ने 11वें और 15वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई और फिर 24वें मिनट में हैट्रिक पूरी करते हुए जीत पक्की कर दी।
दूसरे मुकाबले में राजेश्वर एफसी ने यूनाइटेड-39 एफसी को 5-0 से करारी शिकस्त दी। अक्षित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे, तीसरे, 11वें और 13वें मिनट में चार गोल दागे, जबकि एक गोल दक्ष की ओर से आया।
रॉयल ग्रेटर एफसी ने साई बाबा एफसी को 4-1 से हराया। आरव और वंश इस जीत के हीरो रहे, दोनों ने 2-2 गोल किए। साई बाबा एफसी के लिए धनराज ने एकमात्र गोल किया।
सैफ्रन एरोज एफसी ने सेंट स्टीफंस एफसी को 3-0 से मात दी। हरनूर ने दो गोल किए, जबकि एक गोल विवान के खाते में गया। हिमालयन एफसी ने बुड़ैल एफसी को 4-0 से हराया। ललित ने दो गोल दागे, वहीं प्रिंस और हार्दिक ने एक-एक गोल कर जीत में योगदान दिया।
दिन की सबसे बड़ी जीत संधू एफसी के नाम रही। उन्होंने बनयान ट्री एफसी को 11-0 से रौंद दिया। दिवयुग ने दूसरे, 9वें और 14वें मिनट में गोल कर हैट्रिक पूरी की। संतोष और आयान ने 2-2 गोल किए, जबकि ओलिवर, ओशन और एलेक्स ने एक-एक गोल दागा। एक गोल बनयान ट्री एफसी के ओन गोल से मिला।
विवेक एफसी ने ट्रिब्यून एफसी को 3-0 से हराया। विहान, हरशान और कबीर ने एक-एक गोल कर टीम को जीत दिलाई। वहीं, सेंट जॉन्स एफसी ने वट्रेक्स एफसी के खिलाफ 1-0 से रोमांचक जीत दर्ज की। मैच का एकमात्र गोल 12वें मिनट में किया गया।