ट्राइसिटी के हजारों अभिभावकों के लिए वीरवार से नौनिहालों के दाखिले के लिए दौड़ शुरू होने जा रही है। शहर के 70 से अधिक प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों ने कॉमन एडमिशन शेड्यूल के तहत बुधवार को दाखिले संबंधी पूरी जानकारी और आवेदन फार्म वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। नर्सरी और केजी (एंट्री लेवल) दाखिले के लिए सभी स्कूलों में 1 से 12 दिसंबर तक आवेदन फार्म जमा होंगे।
दाखिले के लिए अभिभावकों का फोकस सबसे अधिक शहर के चार कॉन्वेंट स्कूल सेंट जोंस, कॉर्मल कॉन्वेंट, सेक्रेड हार्ट और सेंट ऐंस की करीब 640 सीटों के लिए होगा। चारों स्कूलों ने आवेदन फार्म वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। कॉन्वेंट स्कूलों में भरे हुए आवेदन फार्म सुबह 9 से 10 बजे के बीच ही स्वीकार करने का फैसला लिया गया है। उधर शहर के अन्य प्राइवेट स्कूलों ने अपने हिसाब से आवेदन फार्म जमा करने का समय निर्धारित किया है।
शहर के प्रतिष्ठित स्कूलों में शुमार सेक्टर-33 स्थित भवन विद्यालय में प्री-नर्सरी की 100 सीटों के लिए सुबह 9 से 11 बजे तक आवेदन फार्म स्वीकार किए जाएंगे। 1 अप्रैल 2013 से 31 मार्च 2014 के बीच जन्मे बच्चे दाखिले के योग्य होंगे। 21 जनवरी को सुबह 9.30 बजे लकी ड्रा निकाला जाएगा। सेक्टर-26 स्थित स्ट्रॉबेरी फिल्ड ने केजी की 160 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। 1 से 12 दिसंबर तक दोपहर 3 से 5 बजे तक आवेदन फार्म जमा होंगे। 20 जनवरी 3.30 बजे लकी ड्रा होगा। प्राइवेट स्कूल इस बार आवेदन फार्म 100 रुपये से अधिक नहीं ले सकेंगे।