आईसीएसई क्रॉस कंट्री दौड़ में 120 एथलीटों ने लिया हिस्सा, चार श्रेणियों में हुए मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-44 की ओर से कोट बिल्ला, रामगढ़ में आईसीएसई स्कूलों की 14वीं वार्षिक क्रॉस कंट्री दौड़ आयोजित की गई। इसमें विभिन्न स्कूलों के 120 एथलीटों ने हिस्सा लिया। धावकों ने 3 और 4 किलोमीटर की दौड़ में दमखम दिखाया। शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट जेवियर्स चंडीगढ़ ने लगातार सातवीं बार ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की।
सीनियर गर्ल्स (4 किमी) में सेंट जेवियर्स की हुनरगीत कौर ने 15:45 मिनट में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। मिताली ने रजत और अवनूर कौर ने कांस्य पदक हासिल किया। सीनियर बॉयज वर्ग में सेंट स्टीफंस चंडीगढ़ के शौर्य प्रताप सिंह ने 12:42 मिनट के साथ स्वर्ण जीता। अक्षित सिंगला और युवराज भारद्वाज क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
जूनियर गर्ल्स (3 किमी) में अनाहत कौर ने स्वर्ण, प्रभलीन कौर ने रजत और निमरत कौर ने कांस्य पदक जीता। जूनियर बॉयज वर्ग में सेंट जेवियर्स पंचकूला के अर्नव सिंह जीना ने स्वर्ण, सेंट जेवियर्स जीरकपुर के देवांशु शर्मा ने रजत और चंडीगढ़ के रियांश सरीन ने कांस्य पदक हासिल किया।