सिटी ब्यूटीफुल के नाम से ही शहर में खूबसूरती झलकती है। इसी खूबसूरती को बनाए रखने के लिए अपराध रोकना पहली प्राथमिकता थी। सबसे पहले महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के साथ होने वाले अपराध को रोकने की रणनीति बनाई। तीन साल में साल-दर-साल झपटमारी व चोरी समेत लूटपाट पर लगाम लगाई जा सकी।
यह कहना है कि एसएसपी नीलांबरी विजय जगदले का। 15 अगस्त 2019 में सेक्टर-22 में दो बहनों की हत्या, मोरनी गैंगरेप (19 जुलाई 2018) और ऑटो में सामूहिक दुष्कर्म (18 नवंबर 2017) केस को सुलझाने वाली एसएसपी का कार्यकाल शुक्रवार को खत्म हो रहा है। हालांकि, अभी तक उनकी जगह किसी नए एसएसपी ने चार्ज नहीं लिया है। वहीं, उच्चाधिकारियों का कहना है कि जब तक शहर में नए एसएसपी नहीं आते हैं, यह चार्ज एसपी सिटी विनीत कुमार को दिया जा सकता है।
हालांकि, इसकी किसी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अगस्त 2017 में शहर की पहली महिला एसएसपी बनी नीलांबरी विजय जगदले ने कहा कि वह गवर्नर, एडवाइजर, डीजीपी के मार्गदर्शन पर काम कर गर्व महसूस करती हैं। यहां पर एसएसपी के पद पर काम करना बहुत बड़ी जिम्मेवारी है। यहां छोटे से बड़े हर अपराध को होने से पहले रोकना एक बहुत बड़ी चुनौती होती है। इसके लिए पहले से पूरी प्लानिंग करनी पड़ती है। पिछले करीब तीन साल में ऐसे कई ब्लाइंड केस थे, जिन्हें अफसरों के नेतृत्व में प्लानिंग कर सुलझाया गया है।