चंडीगढ़। नए एसएसपी कुलदीप सिंह चहल चंडीगढ़ में गैंगस्टरों पर नकेल कसने के लिए सोची समझी रणनीति के तहत काम करेंगे। इसके संकेत उन्होंने बातचीत के दौरान दे भी दिए हैं। सूत्रों का कहना है कि वह इस हफ्ते के अंत तक पदभार संभालेंगे।
शहर में करीब दो साल से गैंगस्टरों का दबदबा बढ़ गया है। सरेआम गोलीबारी, रंगदारी, लूटपाट आम बात हो गई है। सोनू शाह की हत्या, सेक्टर-15 में दोहरा हत्याकांड, बाउंसर सुरजीत की गोली मारकर हत्या समेत अन्य कई वारदातों को गैंगस्टर्स ने सरेआम अंजाम दिया। इनमें से कई केस अभी अनसुलझे हैं। ऐसे में एसएसपी कुलदीप सिंह चहल के लिए गैंगस्टरों पर शिकंजा कसना चुनौती होगा। हालांकि वह पंजाब में गैंगस्टरों और सट्टेबाजों पर नकेल कसने में कामयाब रहे। हाईवे लुटेरे गैंग के प्रमुख व फरार गैंगस्टर जयपाल के साथ शेरा खुब्बन को उन्होंने ही एनकाउंटर में ढेर किया था। चहल जहां तैनात रहे, उन्होंने गैंगस्टर और सट्टेबाजों पर सख्ती की। मोहाली उनके कार्यकाल के दौरान ही सट्टामुक्त हुआ है।