सेक्टर-35 स्थित होटल जेडब्ल्यू मैरियट में जेएंडके स्थित श्रीनगर के 41 वर्षीय होटल व्यवसायी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गेस्ट की मौत से होटल में हड़कंप मच गया। होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से व्यवसायी को जीएमसीएच-32 ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान इफशान अफजल खाण्डे (41) के तौर पर हुई है। उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने सीआरपीसी 174 के तहत कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को श्रीनगर लेकर चले गए।
सेक्टर-36 थाने के एसएचओ नसीब सिंह के अनुसार इफशान पत्नी, बेटा और बेटी के साथ श्रीनगर में रहता था। उसका गुलमर्ग में खुद का होटल व्यवसाय है। दो दिन पहले वह बिजनेस के सिलसिले में चंडीगढ़ आया था।
31 दिसंबर को उसे दोपहर 12 बजे चेक आउट करना था, लेकिन करीब तीन बजे तक जब वह होटल के कमरे से बाहर नहीं आया तो होटल स्टाफ कमरे में पहुंचे। कई बार डोर बेल के बावजूद अंदर से उन्हें कोई रिस्पान्स नहीं मिला। इस पर होटल स्टाफ ने अपने वरिष्ठों को जानकारी दी। होटल स्टाफ ने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला तो अंदर इफशान अचेत अवस्था में बैड पर पड़ा था।
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इफशान ने ज्यादा शराब पी रखी थी। शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल मौत के स्पष्ट कारणों का रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।
नसीब सिंह, एसएचओ, सेक्टर-36 चंडीगढ़