चंडीगढ़। इस्कॉन चंडीगढ़ द्वारा कांसल एनक्लेव में शनिवार को श्री सीता नवमी का पावन उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। यह दिन माता सीता के दिव्य प्राकट्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष यह अवसर जाह्नवा माता और मधु पंडित के प्राकट्य दिवस के साथ जुड़कर विशेष आध्यात्मिक संगम बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अखंड भजन और हरिनाम संकीर्तन से हुई। आयोजन स्थल को पुष्पों और आध्यात्मिक सजावट से भव्य रूप दिया गया। मंच पर भगवान जगन्नाथ, बलदेव, सुभद्रा, निताई गौर सुंदर और गंधर्विका गिरिधारी को विशेष शृंगार में सजाया गया तथा 108 प्रकार के भोग अर्पित किए गए। इस अवसर पर मायापुर से आए भक्ति विजय भागवत स्वामी महाराज ने श्रीमद्भागवत की महिमा और भगवान जगन्नाथ की कृपा पर प्रेरणादायक कथा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे और पूरे आयोजन ने भक्ति भाव का वातावरण बना दिया।