चंडीगढ़। यूटी प्रशासन का खेल विभाग शहर के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में खेलो इंडिया स्कीम के तहत स्थापित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के बाद अब खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण माहौल देना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर चंडीगढ़ और देश का नाम रोशन कर सकें।
सबसे पहले सेक्टर-42 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हॉकी के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया गया था। यहां अनुभवी कोच गुरमिंदर सिंह को इंचार्ज नियुक्त किया गया है। साथ ही खिलाड़ियों के लिए डाइटिशियन, फिजियो और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग एक्सपर्ट की व्यवस्था की गई है जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। इसी सफलता को देखते हुए खेलो इंडिया के तहत शहर को रोइंग और बॉक्सिंग के लिए भी दो नए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रदान किए गए हैं।
अब खेलो इंडिया स्कीम के तहत सेक्टर-42 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक विशाल मल्टीपर्पस इंडोर हॉल बनाया जाएगा, जहां एक साथ कई खेलों के अभ्यास और टूर्नामेंट आयोजित किए जा सकेंगे। खराब मौसम या बारिश के दौरान भी प्रतियोगिताएं बिना बाधा कराई जा सकेंगी। इसके साथ ही 230 खिलाड़ियों की क्षमता वाला आधुनिक हॉस्टल भी बनाया जाएगा, जिससे बाहर से आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर आवास सुविधा मिलेगी। परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एक अत्याधुनिक स्विमिंग पूल बनाने की भी योजना है।
खेल विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि खेलो इंडिया स्कीम के तहत अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं से लैस इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा, जिसका सीधा लाभ शहर के युवा खिलाड़ियों को मिलेगा।