अंकित कौशिक के नाबाद 148 रनों और रमन बिश्नोई के 126 रनों की मदद से चंडीगढ़ ने मेघालय के खिलाफ खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मैच के दूसरे दिन 455 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मेघालय ने 1 विकेट के नुकसान पर 15 रन बना लिए हैं। असम के मंगलदेई क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में शुक्रवार को चंडीगढ़ ने अपने बीते कल वीरवार के स्कोर 4 विकेट पर 168 रनों से आगे खेलना शुरू किया। इस दौरान बल्लेबाज अंकित कौशिक और रमन बिश्नोइ ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
इस जोड़ी ने करीब 41 ओवरों में महत्वपूर्ण 187 रनों की साझेदारी निभाई और स्कोर को 300 के पार पहुंचाया। बिश्नोई का विकेट आकाश कुमार ने 99वें ओवर में गिराया। इसमें बिश्नोई ने 16 चौके और 2 छक्कों की मदद से कुल 126 रन जुटाए। इसके बाद आदित्य सिंघानिया ने अपने एक ही स्पैल में बिपुल शर्मा (18) और गुरेन्द्र सिंह (2) के विकेट जल्दी-जल्दी चटकाए और 111वें ओवर में स्कोर को 7 विकेट के नुकसान पर 378 रनों पर ला दिया। जसकरण सिंह ने 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 15 रनों की पारी खेली, जबकि अर्पित सिंह के 7 रनों के योगदान के बाद चंडीगढ़ ने 9 विकेट के नुकसान पर 455 रनों पर अपनी पारी घोषित कर दी।
अंकित कौशिक ने 9 चौके और 8 छक्को की मदद से नाबाद 148 रनों की बेहतरीन पारी खेली। मेघालय की टीम की ओर से संजय यादव और आदित्य कौशिक ने 2-2 विकेट चटकाए। अपनी पहली पारी खेलने उतरी मेघालय की शुरुआत भी निराशाजनक रही। इसमें 5वें ही ओवर में श्रेष्ठ निर्मोही ने वानला बुक को 4 के निजी स्कोर पर चलता किया। मेघालय 1 विकेट के नुकसान पर 15 रनों पर खेल ही रहे थे कि खराब रोशनी के कारण मैच रोकना पड़ा। इसके बाद दिन के खेल की समाप्ति की घोषणा कर दी गई।