रणजी ट्रॉफी का दूसरा मैच चंडीगढ़ और अरुणाचल प्रदेश की टीम के बीच खेला जा रहा है। अरुणाचल को एक पारी से शिकस्त देने वाली यूटी क्रिकेट एसोसिएशन की टीम के लिए बिहार के खिलाफ खेला जा रहा यह दूसरा मैच मंगलवार को संघर्ष भरा रहा। एक समय टीम का स्कोर 5 विकेट पर 118 रन हो गया था, लेकिन ऐसे में पारी को संभाला चंडीगढ़ के संकटमोचक बने बल्लेबाज अंकित कौशिक ने। उन्होंने ओस से प्रभावित विकेट पर विपुल शर्मा के साथ अपने पैर ऐसे जमाए कि बिहार के गेंदबाजों के हौसले पस्त पड़ गए।
सेक्टर-16 के क्रिकेट स्टेडियम में मेजबान चंडीगढ़ की पारी में शतकवीर अंकित कौशिक और आल राउंडर बिपुल शर्मा की 156 रनों की सांझेदारी चंडीगढ़ की टीम के लिए संजीवनी बन गई। इस रणजी ट्राफी मैच के पहले दिन बिहार के स्पिनर आशुतोष अमन ने अपना रंग ऐसा दिखाया कि चंडीगढ़ की टीम के 4 विकेट सस्ते में निकल गए। इसके बावजूद चंडीगढ़ ने अंकित और विपुल की बल्लेबाजी की बदौलत 5 विकेट पर 274 रन जुटाकर टीम को संकट से उबारा।
इससे पहले मैदान में ओस पड़ी होने के कारण मैच देरी से शुरू हुआ। इसके बाद बिहार ने टॉस जीतकर पहले फिल्डिंग का फैसला किया। चंडीगढ़ की शुरुआत निराशाजनक रही, जिसमें तीसरे ही ओवर में पिछले मैच के शतकवीर शिवम भांबरी मात्र एक रन पर शशि शेखर का शिकार बने। इसके बाद कप्तान मनन वोहरा और पहले ही मुकाबले में दोहरा शतक लगाकर अपना जलवा दिखाने वाले बल्लेबाज मोहम्मद अर्सलान खान ने नुकसान की भरपाई करने का प्रयास किया। दोनों ने मिलकर 11वें ओवर तक टीम का अर्धशतक पूरा किया। खान ने विपक्षी कप्तान आशुतोष अमन की स्पिन का स्वागत उनकी पहली गेंद में चौका जड़कर किया। इसका बदला गेंदबाज ने 18वें ओवर में अर्सलान खान को एलबीडब्लयू करके ले लिया। अर्सलान ने 11 चौकों से 51 रन बनाए, जबकि अमन का कहर जारी रहा और अर्सलान के बाद अगले ओवर में ही उन्होंनें विकेटकीपर बल्लेबाज उदय कौल को शून्य पर चलता किया।
अमन ने अपनी फिरकी से 24वें ओवर में रमन बिश्नोई को 5 रन के निजी स्कोर पर आउट करके टीम को 4 विकेट के नुकसान पर 76 रनों पर लाकर खड़ा किया। लंच तक मनन दूसरे छोर पर टिके रहे। अमन ने चंडीगढ़ को फिर एक तगड़ा झटका दिया। जब 38वें ओवर में कप्तान मनन वोहरा को 41 के निजी स्कोर पर आउट कर पेवेलियन की राह दिखाई। अब चंडीगढ की आधी टीम 118 रन पर आउट हो चुकी थी। अंकित कौशिक और बिपुल शर्मा ने खतरे से उबार कर 156 रनों की सांझेदारी निभाई। जिसमें कौशिक ने 18 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 106 रन जुटाए। बिपुल ने अपने नाबाद 63 रनों की पारी में 7 चौके जड़े। चंडीगढ़ 5 विकेट के नुकसान पर 274 रन जुटा चुका था। इसके बाद खराब रोशनी की वजह से मैच रोक दिया गया। आशुतोष अमन ने 57 रन देकर 4 विकेट लिये, जबकि शशि शेखर को एक विकेट से संतोष करना पड़ा।