मनीमाजरा। केरल टूरिज्म को प्रमोट करने के लिए वेडिंग डेस्टिनेशन और स्पेशल टूरिस्ट पैकेज को बढ़ावा देने के लिए केरल टूरिज्म की ओर कई तरह के उपाय किए जा रहे हैं। इसी को लेकर मंगलवार को आईटी पार्क के एक निजी होटल में केरल टूरिज्म द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केरल की सांस्कृतिक छटा बिखेरते कार्यक्रम में थेय्यम, मोहिनीअट्टम, कथकली और कलारीपयट्टु की अद्भुत प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मोहिनीअट्टम से हुई, जो भगवान विष्णु के स्त्री अवतार ‘मोहिनी’ से प्रेरित है। पारंपरिक सफेद और सुनहरे परिधानों में सजी नृत्यांगनाओं ने मनमोहक भाव-भंगिमाओं से दर्शकों को मोह लिया। इसके बाद थेय्यम की प्रस्तुति हुई जो अपने विस्तृत मुखौटे और नाटकीय कहानी कहने की शैली के लिए प्रसिद्ध है। इसी क्रम में कथकली, जो अपने हरी मुखाकृति (ग्रीन-फेस मेकअप) और गहन भाव-भंगिमाओं के लिए जाना जाता है, ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में भारत की सबसे प्राचीन मार्शल आर्ट कलारीपयट्टु ने भी जबरदस्त युद्धक तकनीकों का प्रदर्शन किया।