उन्होंने कहा कि दिल्ली की तरफ से आने वाले दूषित पानी के सप्लाई से फरीदाबाद, पलवल, नूंह व सोनीपत का भी कुछ एरिया प्रभावित है। उन्होंने दिल्ली सरकार से भी अपील की है कि वह भी इस पर काम करे। वहीं, उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान 56 हजार डिमांड व शिकायतें आईं हैं। इन सभी को पोर्टल पर अपलोड कर लिया गया है।
हरियाणा में कांग्रेसी एक-दूसरे पर कर रहे हैं अन्याय
कांग्रेस की गुटबाजी व राहुल गांधी की न्याय यात्रा पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेसी एक-दूसरे पर अन्याय कर रहे हैं। एसआरके गुट हुड्डा से न्याय मांग रहा है और हुड्डा किसी और से न्याय मांग रहे हैं। इन सबकी अपनी एक अन्याय गाथा है।
कैबिनेट में यह भी फैसले
- हरियाणा के कॉलेजों में सहायक प्रोफेसरों की भर्ती यूजीसी के गाइडलाइंस के अनुसार होगी। इसके लिए सरकार ने हरियाणा शैक्षिक (महाविद्यालय संवर्ग) ग्रुप-ख सेवा नियम, 1986 में संशोधन को मंजूरी प्रदान की।
- सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के सेवा नियमों में संशोधन को मंजूरी दी गई। वर्तमान नियमों के मुताबिक विशिष्ट पदों के लिए ग्रुप 'सी' और ग्रुप 'डी' कर्मचारियों से पदोन्नति कोटा कुल पदों का 10 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। वहीं, संशोधित नियमों में कनिष्ठ अभियंता के पद पर पदोन्नति के लिए ग्रुप 'सी' के लिए 10 प्रतिशत और ग्रुप 'डी' के लिए 5 प्रतिशत का पदोन्नति कोटा प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त, कनिष्ठ अभियंता के पद पर पदोन्नति के लिए अपेक्षित शैक्षणिक योग्यता प्राप्त करने के बाद ही अनुभव पर विचार किया जाएगा।
- हरियाणा पिछड़ा वर्ग (सेवा एवं शिक्षा संस्थानों में प्रवेश में आरक्षण) अधिनियम की सूची में क्रम संख्या-1 से 7 जातियों नामतः अहेरिया, अहेरी, हेरी, हरि, तुरी या थोरी को हटाकर उन्हें अनुसूचित जाति में शामिल किया गया है। वहीं, जंगम-जोगी शब्द को जंगम के रूप में संशोधित करने और राय सिख जाति को हटाने के संबंध में एक प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
- एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीरचक्र, वीएसएम, एडीसी को परम विशिष्ठ सेवा मेडल के लिए एकमुश्त 6,50,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।