29 जुलाई से तीन अगस्त तक लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत का होगा आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। देश की शीर्ष अदालत में 29 जुलाई से 3 अगस्त तक न्यायालय में लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। सीजेएम एवं सचिव जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण नितिन राज ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबे समय से चलने वाले केस से संबंधित पार्टियां यदि विशेष लोक अदालत के सामने रखना चाहती है तो वे 28 जुलाई से पहले स्थानीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में संपर्क करें। इसके तहत स्थानीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में ऑनलाइन या हाइब्रिड मोड के माध्यम से बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे पार्टियों के मध्य सुलह की संभावनाओं को परखते हुए ऐसे मामलों पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। जिन मामलों में पार्टी सरकार है ऐसे मामले विशेष लोक अदालत में निपटाए जाने की संभावना है। सीजेएम के मुताबिक स्पेशल लोक अदालत में श्रम मामले, चेक बाउंस मामले (सेक्शन-138 एन.आई. एक्ट), दुर्घटना क्लेम मामले (मोटर दुर्घटना क्लेम), उपभोक्ता संरक्षण मामले, स्थानांतरण याचिकाएं (सिविल एवं अपराधिक), धन-वसूली से संबंधित मामले, आपराधिक मिश्रित मामले, अन्य मुआवजा संबंधी मामले, पारिवारिक कानूनी मामले सेवाओं से संबंधित मामले, किराया संबंधी मामले, शैक्षणिक मामले, भरण-पोषण संबंधित मुद्दे, बंधक मामले, भूमि विवाद मामले, अन्य सिविल मामले शामिल किए जाएंगे। इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में संपर्क/कॉल करें या संबंधित राज्य विधिक सेवा प्राधिकरणों या उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति की वेबसाइट पर संपर्क करना होगा। वहीं, पंजाब राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, एसएएस नगर, हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, यूटी, चंडीगढ़ उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय चंडीगढ़ से भी संपर्क करना होगा।