भूपेंद्र सिंह हुड्डा मंगलवार को हिमाचल के दौरे पर रहेंगे, सीएम सैनी के चंडीगढ़ में तय होंगे कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में मतदान संपन्न होने के बाद राज्य के कांग्रेस और भाजपा के नेता अब चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल के चुनाव में प्रचार करेंगे। इन जगहों पर एक जून को मतदान होना है। चुनाव प्रचार के लिए अभी चार दिन शेष रहते हैं। ऐसे में हरियाणा के नेताओं की भी ड्यूटी इन राज्यों में लगाई जा रही है। कुछ नेताओं के कार्यक्रम तय हो चुके हैं तो कुछ के कार्यक्रम सोमवार तक तय हो जाएंगे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा मंगलवार को हिमाचल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कांगड़ा समेत अन्य लोकसभा क्षेत्रों में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे। इसके अलावा वह चंडीगढ़ में भी कांग्रेस उम्मीदवार मनीष तिवारी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर सकते हैं। हालांकि अभी इसकी तारीख तय नहीं हुई है। वहीं, सीएम नायब सिंह सैनी ने रविवार को चंडीगढ़ के सैनी समाज के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात की। यह मुलाकात भी लोकसभा चुनाव के संदर्भ में देखी जा रही है। एक-दो दिन में सीएम सैनी भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन के पक्ष में चंडीगढ़ में वोट मांगेंगे। सीएम सैनी भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन के नामांकन में भी शामिल हो चुके हैं। सीएम के मीडिया सेक्रेटेरी प्रवीण अत्रे ने बताया कि सोमवार तक केंद्रीय नेतृत्व की ओर से सीएम सैनी के और भी कार्यक्रम तय होने हैं। लोकसभा चुनाव के सातवें व अंतिम चरण में एक जून को हरियाणा के नजदीकी चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल की लोकसभा सीटों पर मतदान होना है। इन राज्यों के चुनाव भी भाजपा के लिए अहम हैं। ऐसे में भाजपा चुनाव प्रचार में हरियाणा के नेताओं को भी जिम्मेदारी देगा।