सीमा पर पुलिस वाहनों की चेकिंग करते हुए
- फोटो : File Photo
विधानसभा चुनाव के लिए चार फरवरी को होने जा रहे मतदान के लिए पटियाला जिले के साथ लगते हरियाणा बार्डर पर विशेष नाके लगाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पटियाला जिला प्रशासन, हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल जिलों के डीसी और पुलिस प्रशासन के साथ चुनाव आयोग की ओर से भेजे गए जरनल ऑब्जर्वरों ने विशेष मीटिंग करके यह आदेश जारी किए हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में मतदान से पहले ही हरियाणा की तरफ से बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी करके लाई जा रही है। ऑब्जर्वरों ने जोर देकर कहा कि हर गाड़ी की जांच होनी चाहिए, जिससे शराब, पैसे या अन्य किसी तरह का नशा व असामाजिक तत्वों को पंजाब में आने से रोका जा सके।
दो फरवरी शाम पांच बजे से चार फरवरी शाम पांच बजे तक पटियाला जिले के साथ-साथ हरियाणा बार्डर पर तीन किलोमीटर तक शराब के ठेके भी बंद रहेंगे। चुनाव ऑब्जर्वरों की ओर से अंबाला, कुरुक्षेत्र और कैथल जिले के प्रशासन को हर तरह के साथ मुस्तैदी करने के आदेश दिए हैं।