हरियाणा के परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा है कि पर्यटकों की सुविधा के लिए 17 से 21 दिसंबर तक दिल्ली से कुरुक्षेत्र के लिए पांच विशेष बसें चलाई जाएंगी।
परिवहन मंत्री ने बताया कि प्रत्येक शनिवार और रविवार को दिल्ली से कुरुक्षेत्र के लिए बसों के संचालन के लिए पर्यटन विभाग के साथ बातचीत चल रही है। टोहाना से हरिद्वार, अंबाला से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय तक भी नई बसें संचालित करने की विभाग की योजना है, जिसे जल्द अमलीजामा पहनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के सभी कन्या महाविद्यालयों एवं राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों तक लड़कियों के लिए विशेष बस की सुविधा मुहैया कराने पर विचार विमर्श किया जा रहा है।
परिवहन मंत्री ने बताया कि सरकार की योजना है कि नए वाहनों की बिक्री करने वाली एजेंसियां ही गाड़ी की पासिंग, रजिस्ट्रेशन अन्य औपचारिकताएं पूरी कर दें, ताकि वाहन मालिकों को इसे पूरा करने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़े। इससे जहां आम लोगों को एक ही छत के नीचे बेहतर सुविधा मिलेगी तो दूसरी तरफ तथाकथित दलालों के चुंगल से बचेंगे।
----
ड्राइविंग स्कूलों में टू-व्हीलर के लिए भी ट्रेनिंग
परिवहन मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 18 ड्राइविंग स्कूलों का संचालन किया जा रहा है। यहां चालकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जल्द ही जिला मुख्यालयों पर 10 एकड़ क्षेत्र में ड्राइविंग स्कूल की सरकार शुरुआत करेगी। इन स्कूलों में बस-ट्रक से लेकर ट्रैक्टर, दोपहिया वाहनों की ड्राइविंग का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे प्रदेश में होने वाली दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।