माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में सीनेट चुनाव के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों की ओर से लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इस मुद्दे पर चंडीगढ़ पुलिस ने पीयू के विद्यार्थी संगठनों सोई, ललकार, एएसए, स्वराज, आईसा, एनएसयूआई, सथ और एसएफएस के साथ बुधवार को बैठक की। बैठक पुलिस हेडक्वार्टर में एसपी कुलदीप चहल की अध्यक्षता में हुई।
एसपी कुलदीप चहल ने विद्यार्थियों की ओर से अब तक प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए उनकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सीनेट और सिंडिकेट चुनावों को लेकर प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थी शांति का माहौल बनाए रखें और कोविड-19 दिशा-निर्देशों का उल्लंघन नहीं करें। इसके साथ ही इस बात का खास ध्यान रखें कि उनके प्रदर्शन के दौरान पीयू के बाहर का कोई व्यक्ति शामिल नहीं हो। वहीं विद्यार्थियों संगठनों ने शांतिमय प्रदर्शन का आश्वासन दिया।
विद्यार्थियों ने कहा कि उनकी प्रशासन से मांग है कि सीनेट और सिंडिकेट को बर्खास्त नहीं किया जाए। इनके चुनाव जल्द करवाए जाए, क्योंकि यूनिवर्सिटी प्रशासन सीधा विद्यार्थियों की मांगों को नहीं सुनता है। अब तक विद्यार्थियों के फीस, लड़कियों के हॉस्टल समय को खत्म करने, डीएसडब्ल्यू और शिक्षकों के खाली पदों पर नियुक्ति, दाखिले इत्यादि मुद्दों को सीनेट की ओर से ही सुलझाया गया है।