हरियाणा में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के पीएम नरेंद्र मोदी और ओमप्रकाश चौटाला के खिलाफ तेवर बड़े तीखे दिखे। सोनिया ने मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि वो गरीबों के लिए झूठे आंसू बहाते हैं, लेकिन आपको धोखा देने का कोई मौका नहीं छोड़ते। लोकसभा चुनाव में भी आपको चांद-सितारे लाने का वादा किया था और इनका एक ही काम है कि दूसरों की उपलब्धियों का सेहरा बांधना।
सोनिया ने मोदी के अमेरिका दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अभी अमेरिका जाकर क्या खोया, क्या पाया, ये वक्त बताएगा, लेकिन एक बहुत गलत काम जरूर किया, जीवन रक्षक दवाइयों के दाम बढ़ाकर अमेरिकी उद्योगपतियों का भला किया। मेरी आप सबसे अपील है कि 15 अक्टूबर को कांग्रेस का बटन दबाएं, ताकि पूर्ण बहुमत से कांग्रेस दोबारा सत्ता में आ सके।