चुनाव आयोग को पत्र लिखकर पिता के लिए मांगा सहयोग
कहा, सीएम की सियासी बदलाखोरी का शिकार हो रहे सुखपाल खैरा
सियासी बदलाखोरी से नुकसान पहुंचाने की कोशिशों से बचाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा के बेटे महताब सिंह खैरा अपने पिता के बचाव में आगे आए हैं। उन्होंने शनिवार को भारतीय चुनाव आयोग को पत्र भेजकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर उनके पिता सुखपाल खैरा के खिलाफ सियासी बदलाखोरी की भावना से पुलिस केस दर्ज किए जाने का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि भुलत्थ के एसडीएम की शिकायत पर हाल ही में पुलिस ने सुखपाल खैरा के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आयोग को भेजे पत्र में महताब खैरा ने कहा है कि मुख्यमंत्री मान के आदेश पर पंजाब पुलिस ने उनके पिता सुखपाल खैरा के खिलाफ झूठी और मनगढ़ंत एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने आयोग से मांग की कि उनके पिता को सियासी बदलाखोरी के तहत नुकसान पहुंचाने की कोशिशों से बचाया जाए। उन्होंने शिकायत में लिखा कि सुखपाल खैरा भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र से विधायक और पंजाब में विपक्ष के पूर्व नेता हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें जालंधर विधानसभा उपचुनाव से बाहर रखने के लिए उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराकर राजनीतिक बदले की भावना से काम किया है। मेहताब खैरा ने आगे लिखा कि उनके पिता राष्ट्रीय कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में से एक हैं और पंजाब के एक प्रमुख नेता हैं, जो तीसरी बार विधायक बने हैं।
पत्र में महताब खैरा ने लिखा है कि पिछले दिनों उनके पिता ने मान सरकार के एक मंत्री लालचंद कटारूचक्क द्वारा एक नाबालिग का यौन शोषण किए जाने के आरोप लगाए थे और पीड़ित ने राष्ट्रीय एससी आयोग से मंत्री की शिकायत भी की थी। इसके चलते उनके पिता को सियासी बदलाखोरी का शिकार होना पड़ रहा है। महताब खैरा ने आयोग के आग्रह किया है कि उनके पिता की जान और आजादी की सुरक्षा यकीनी बनाई जाए, ताकि वह जालंधर उपचुनाव मुहिम में हिस्सा ले सकें।