गुलदाउदी महोत्सव में इस बार गुलदाउदी की करीब 262 प्रजातियां प्रदर्शित की गई हैं। अलग अलग रंगों और आकार के फूलों को देखने के लिए लोग परिवार के साथ पहुंचे। कई लोग फूलों के बीच खड़े होकर सेल्फी लेते नजर आए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। जम्मू कश्मीर से आए पर्यटक तजमुल्ल ने बताया कि वह अपने पूरे परिवार के साथ चंडीगढ़ घूमने आए थे। शहर में गुलदाउदी शो की जानकारी मिलने पर वे यहां पहुंचे। उन्होंने कहा कि यहां आकर बहुत अच्छा लगा और ऐसे आयोजन शहर में लगातार होते रहने चाहिए। कई लोग ट्रेडिशनल ड्रेस में भी नजर आए। नेपाल के रहने वाले कई लोग अपने पारंपरिक परिधान पहनकर परिवार के साथ गुलदाउदी शो देखने पहुंचे।
मेला घूमने आए सेक्टर-45 की रहने वाली टीना और मीना ने बताया कि वे पिछले कई साल से गुलदाउदी शो देखने आ रही हैं। हर बार यहां आकर अच्छा लगता है। उनके अनुसार फूलों की सजावट और माहौल दोनों ही मन को सुकून देने वाले हैं। गुलदाउदी शो में जलपान के लिए बनाए गए क्षेत्र में भी काफी भीड़ रही। लोग खानेपीने का आनंद लेते नजर आए। बच्चों और युवाओं ने वहां लगे झूलों का भी खूब आनंद उठाया। दूसरे दिन टेरेंस गॉर्डन खुशियों और रंगों से सराबोर नजर आया।