चंडीगढ़। सेक्टर-15 स्थित कांग्रेस भवन के पास झगड़े की सूचना पर पहुंचे पीसीआर हवलदार हरकीत सिंह से एक युवक ने धक्कामुक्की शुरू कर दी। पीसीआर में तैनात सिपाही गौरव ने बीच बचाव किया तो उसकी वर्दी फाड़ दी। सेक्टर-11थाना पुलिस ने इजलास अली के खिलाफ ड्यूटी में बाधा डालने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पीसीआर विंग में तैनात हवलदार हरकीत सिंह और सिपाही गौरव की ड्यूटी सेक्टर-15 में लगी थी। शुक्रवार सुबह कंट्रोल रूम को सेक्टर-15 स्थित कांग्रेस भवन के पास झगड़े की सूचना मिली। सूचना पर पीसीआर पुलिसकर्मी हरकीत सिंह और गौरव मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर एक युवक जोर जोर से चिल्ला रहा था। नाम पता पूछते ही युवक ने हवलदार हरकीत से धक्कामुक्की शुरू कर दी। सिपाही गौरव ने बीच बचाव किया तो आरोपी ने गौरव से मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। इसके बाद मामले की सूचना सेक्टर-11 थाना पुलिस को दी गई। पुलिस का कहना है कि उक्त आरोपी अपने परिवार से झगड़ा कर रहा था।