शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सुपरवाइजर किए जाएंगे नियुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। बिजली मंत्री अनिल विज ने पायलट योजना के रूप में ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर पावर हाउस स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि इनके माध्यम से दिन के समय सौर ऊर्जा से उत्पन्न बिजली की आपूर्ति की जा सके। वहीं, विज ने अधिकारियों को उपभोक्ता शिकायतों के समाधान पर विशेष ध्यान देने की सख्त चेतावनी दी। साथ ही निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को तेज करने के लिए सुपरवाइजर नियुक्त किए जाएं।
विज मंगलवार को यहां बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। इस बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर पावर हाउस की स्थापना, उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति करने और शिकायतों के त्वरित समाधान जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
विज ने जींद के एक मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने ट्रांसफार्मर की मरम्मत में देरी पर नाराजगी जताई और भविष्य में ऐसी शिकायतों का शीघ्र समाधान करने का आदेश दिया। बैठक में बिजली विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह, हरियाणा बिजली वितरण निगम की प्रबंध निदेशक आशिमा बराड़ उपस्थित रहे।